पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले में सोमवार शाम कोयला खदान की लिफ्ट खराब होने के बाद कई मजदूर भूमिगत हिस्से में फंस गए. घटना आसनसोल क्षेत्र की कुमारडीह ‘ए’ कोलियरी में हुई, जो ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) के बंकोला एरिया में आती है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मजदूर जमीन से करीब 200 फीट नीचे थे.
फंसे मजदूरों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. शुरुआती जानकारी में 14 मजदूरों के फंसे होने की बात कही गई, जबकि ECL के एक अधिकारी ने संख्या करीब 10 से 12 बताई. ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों ने यह संख्या 12 से 14 के बीच बताई है.
रस्सी को ड्रम से निकालने की कोशिश
मजदूरों के आने-जाने के लिए इस्तेमाल होने वाली लिफ्ट को स्थानीय स्तर पर ‘डोली’ कहा जाता है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, लिफ्ट की तार या रस्सी इंजन रूम में लगे ड्रम में उलझ गई, जिसके बाद उसका संचालन बंद हो गया. बचाव दल ड्रम को उल्टी दिशा में घुमाकर रस्सी निकालने और लिफ्ट को फिर से चालू करने की कोशिश कर रहा है.
बचाव अभियान के दौरान मजदूरों तक रस्सी के जरिए पानी, ड्राई फ्रूट्स और अन्य खाद्य सामग्री पहुंचाई जा रही है. ECL अधिकारी के अनुसार, खदान के अंदर ताजी हवा की कमी नहीं है और नीचे फंसे मजदूरों से संपर्क बना हुआ है.
ट्रेड यूनियन नेता मिंटू बनर्जी ने कहा कि तकनीकी खराबी दूर होने में लगने वाला समय ही बचाव अभियान की अवधि तय करेगा. उन्होंने मजदूरों को बाहर निकालने में दो से तीन घंटे और लगने की संभावना जताई. स्थानीय विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा कि पहली प्राथमिकता सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालना है.
मजदूरों ने दावा किया है कि लिफ्ट की कुछ महीने पहले मरम्मत हुई थी और पहले भी इसके फंसने की घटनाएं सामने आई थीं. हालांकि, हादसे के कारण और किसी संभावित लापरवाही की जांच मजदूरों के सुरक्षित बाहर आने के बाद किए जाने की बात कही गई है.
