बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य हिस्से और उससे सटे उत्तरी अंडमान सागर में बना निम्न दबाव क्षेत्र 21 सितंबर को अवदाब में बदल सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, इसके प्रभाव से पश्चिम बंगाल में 22 से 26 सितंबर तक भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का अनुमान है.
दक्षिण बंगाल के तटीय जिलों पूर्व मेदिनीपुर और दक्षिण 24 परगना में बारिश की तीव्रता अधिक रहने की संभावना है. इन इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. दक्षिण बंगाल के बाकी जिलों, जिनमें कोलकाता भी शामिल है, में 25 सितंबर तक कुछ स्थानों पर गरज के साथ बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है.
उत्तर बंगाल के जिलों में भी बारिश का अनुमान
IMD के मुताबिक, 23 से 25 सितंबर के बीच दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भारी बारिश हो सकती है. उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा में इसी अवधि के दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है.
मौसम विभाग ने बताया कि यह प्रणाली पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 23 सितंबर की सुबह के आसपास उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तटों के पास पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक पहुंच सकती है.
मछुआरों के लिए सलाह
IMD ने पश्चिम बंगाल तट के पास और उससे दूर 21 सितंबर से गहरे समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है. मछुआरों को 21 सितंबर की रात तक तट पर लौटने और 22 से 25 सितंबर के बीच समुद्र में न उतरने को कहा गया है.
मौसम विभाग ने समुद्र में 0.9 से 1.1 मीटर ऊंची और 16 से 19 सेकंड अवधि वाली स्वेल लहरों का अनुमान जताया है. नावों को अत्यधिक सावधानी से चलाने और मनोरंजक गतिविधियों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.
