पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर ‘पश्चिम बंग’ करने की कवायद एक बार फिर चर्चा में है. पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार नाम परिवर्तन से जुड़ा विधेयक जल्द विधानसभा में पेश कर सकती है. उन्होंने संभावना जताई कि विधेयक इसी विधानसभा सत्र में लाया जा सकता है.

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भट्टाचार्य ने कहा कि प्रस्तावित नाम राज्य की ऐतिहासिक जड़ों और पहचान से जुड़ा है. उन्होंने यह भी कहा कि इसके बाद ‘बंगाल’ या ‘वेस्ट बंगाल’ जैसे नामों के इस्तेमाल की जरूरत नहीं होगी. हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार विधानसभा में विधेयक पेश होने और पारित होने के बाद भी राज्य का आधिकारिक नाम बदलने के लिए संवैधानिक प्रक्रिया पूरी करनी होगी.

वाराणसी में ‘पश्चिम बंग भवन’ की योजना

भट्टाचार्य ने वाराणसी में ‘पश्चिम बंग भवन’ बनाने की योजना का भी उल्लेख किया. उनके अनुसार, यह पहल राज्य के संस्कृति और पर्यटन विभाग, केंद्र सरकार तथा कूचबिहार के पूर्व राजपरिवार के वंशजों के सहयोग से तैयार की जाएगी. प्रस्तावित भवन में सांस्कृतिक केंद्र के साथ बंगाल से वाराणसी आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के ठहरने की सुविधा होने की बात कही गई है.

उन्होंने वाराणसी और बंगाल के बीच पुराने आध्यात्मिक व सांस्कृतिक संबंधों का हवाला दिया. कूचबिहार के राजपरिवार से जुड़े संदर्भ में उन्होंने कहा कि 1836 में बनारस कालीबाड़ी की आधारशिला रखी गई थी और बाद में वहां दो मंदिर बनाए गए.

पहले भी कई बार उठ चुका है मुद्दा

राज्य का नाम बदलने का प्रस्ताव पहले भी सामने आता रहा है. 1999 में वाम मोर्चा सरकार ने ‘पश्चिम बंग’ नाम का प्रस्ताव रखा था. 2011 में तृणमूल कांग्रेस सरकार ने भी इसी नाम पर विचार किया. 2016 में अलग-अलग भाषाओं के लिए ‘बांग्ला’ और ‘बंगाल’ नामों का प्रस्ताव आया तथा 2018 में विधानसभा ने ‘बांग्ला’ नाम रखने का प्रस्ताव पारित किया.

हालांकि, इन प्रस्तावों को केंद्र की मंजूरी नहीं मिली. केंद्र के अनुसार नाम बदलने के लिए संविधान में संशोधन आवश्यक होगा.