पश्चिम बंगाल सरकार ने छात्रों को मुफ्त साइकिल देने वाली ‘सबुज साथी’ योजना का नाम बदलकर ‘सारथी’ कर दिया है. योजना के नए चरण में सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों और मदरसों में पढ़ने वाले कक्षा 9 के छात्रों को शामिल किया गया है.
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, ‘सारथी’ के 12वें चरण में करीब 12 लाख छात्रों को साइकिल देने का लक्ष्य रखा गया है. यह प्रक्रिया पहले शुरू हुई थी, लेकिन चुनावी आचार संहिता लागू होने के बाद बीच में रुक गई थी. सरकार बदलने के बाद योजना को नए नाम के साथ फिर शुरू करने की तैयारी है.
स्कूलों को Banglar Shiksha Portal पर दर्ज छात्रों के रिकॉर्ड की जांच करने और यह सत्यापित करने को कहा गया है कि किन छात्रों को साइकिल मिल चुकी है. स्कूलों को वितरण का रिकॉर्ड सुरक्षित रखने और ऑडिट के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं.
पश्चिम बंगाल सरकार के अनुसार, ‘सबुज साथी’ योजना 2015 में शुरू हुई थी. इसका उद्देश्य छात्रों की स्कूल तक पहुंच आसान बनाना, ड्रॉपआउट कम करना और उच्च कक्षाओं में पढ़ाई जारी रखने को प्रोत्साहित करना है.
