पश्चिम बंगाल में 2027 के शैक्षणिक सत्र से स्कूल पाठ्यक्रम में बदलाव की तैयारी है. राज्य की सिलेबस-कम-करिकुलम समिति ने सभी कक्षाओं की पाठ्यपुस्तकों में श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन और योगदान पर संक्षिप्त सामग्री शामिल करने की सिफारिश की है.
समिति के प्रस्ताव के अनुसार, कक्षा 8 की इतिहास पुस्तक से सिंगूर भूमि आंदोलन पर आधारित अध्याय हटाया जाएगा. यह अध्याय 2017 में तत्कालीन तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पाठ्यक्रम में शामिल किया गया था.
कक्षा 6 से 8 की स्वास्थ्य और स्वच्छता संबंधी पुस्तकों में कन्याश्री योजना से जुड़े संदर्भों को भी हटाने का प्रस्ताव है. समिति ने तर्क दिया है कि किसी सरकारी योजना को पाठ्यक्रम का हिस्सा नहीं होना चाहिए.
रिपोर्ट्स के अनुसार, संशोधित किताबें 2 जनवरी 2027 से स्कूलों में उपलब्ध कराने का लक्ष्य है. हालांकि, समिति की सिफारिशें अभी राज्य सरकार की मंजूरी के अधीन हैं. प्रस्ताव में मुगल इतिहास और साम्यवाद से जुड़े हिस्सों में भी बदलाव तथा बंगाली भाषा और साहित्य की कुछ पाठ्य सामग्री में संशोधन शामिल है.
