पश्चिम बंगाल सरकार स्कूल पाठ्यक्रम में भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन और योगदान को शामिल करने की तैयारी कर रही है. स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन के अनुसार, पाठ्यक्रम तैयार करने वाली समिति अपना काम पूरा कर चुकी है और संशोधित पाठ्यक्रम में पश्चिम बंगाल के इतिहास तथा प्रमुख व्यक्तित्वों पर अधिक जोर दिया जाएगा.
प्रस्ताव के तहत हर पाठ्यपुस्तक में श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन और योगदान का संक्षिप्त परिचय दिया जाएगा. कक्षा 8 के पुराने पाठ्यक्रम में शामिल सिंगूर भूमि-अधिग्रहण विरोधी आंदोलन का अध्याय हटा दिया गया है. समिति ने कक्षा 6 की पाठ्यपुस्तकों से कन्याश्री योजना का अध्याय हटाने की भी सिफारिश की है.
पाठ्यपुस्तकों और विषयों में बदलाव
कक्षा 5 से 8 तक सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी यानी ICT को निर्धारित पाठ्यक्रम वाले संरचित विषय के रूप में शुरू करने की योजना है. कक्षा 7 और 8 के लिए तीसरी भाषा की पाठ्यपुस्तकें भी लाई जाएंगी. इसके अलावा, हर पाठ्यपुस्तक की शुरुआत में ‘वंदे मातरम्’ का पूरा पाठ छापने की बात कही गई है. मंत्री के अनुसार, पाठ्यपुस्तकों में इस्तेमाल होने वाले कागज की गुणवत्ता भी सुधारी गई है.
2027 की परीक्षाओं पर प्रस्ताव
स्कूलों में पास-फेल व्यवस्था को लेकर चर्चा जारी है और इस पर जल्द निर्णय की उम्मीद जताई गई है. जनगणना के दौरान शिक्षकों की ड्यूटी लगने की संभावना के कारण 2027 की माध्यमिक और उच्च माध्यमिक परीक्षाओं का कार्यक्रम बदलने पर भी विचार हो रहा है.
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने कक्षा 10 की माध्यमिक परीक्षा 15 से 25 फरवरी के बजाय 2 से 16 मार्च तक कराने का प्रस्ताव दिया है. उच्च माध्यमिक परिषद चौथे सेमेस्टर की परीक्षा 22 जनवरी से 23 फरवरी के संभावित कार्यक्रम के बजाय 16 मार्च के बाद कराने का प्रस्ताव दे सकती है. सरकार को ये प्रस्ताव मिल चुके हैं और संशोधित तारीखों की घोषणा अगले सप्ताह किए जाने की बात कही गई है.
