भारत निर्वाचन आयोग ने सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के Special Intensive Revision (SIR) से जुड़ी 37 लाख से ज्यादा अपीलें अब भी लंबित हैं. आयोग ने अपीलों के तेज निपटारे के लिए राज्य की 42 लोकसभा सीटों के अनुरूप 42 अपीलीय ट्रिब्यूनल बनाने का आग्रह किया है. अभी ऐसे 19 ट्रिब्यूनल काम कर रहे हैं.

आयोग के हलफनामे के अनुसार, SIR से संबंधित ट्रिब्यूनल के समक्ष अब तक करीब 38.3 लाख अपीलें दाखिल की गई हैं. इनमें से 1,26,194 मामलों का फैसला हुआ है, जबकि 37 लाख से अधिक मामले लंबित हैं.

नाम हटाने और जोड़ने, दोनों पर अपील

आयोग ने कहा कि सभी अपीलें मतदाता सूची से नाम हटाए जाने से संबंधित नहीं हैं. करीब 22.2 लाख अपीलें उन लोगों ने दायर की हैं, जो संशोधन प्रक्रिया में हटाए गए नामों को बहाल कराना चाहते हैं. इसके अलावा लगभग 16.1 लाख अपीलें मतदाता सूची में नए नाम शामिल किए जाने के खिलाफ हैं.

हलफनामे के मुताबिक, ट्रिब्यूनल अब तक 1,13,943 नाम मतदाता सूची में बहाल करने का आदेश दे चुके हैं. तय किए गए मामलों में 90 प्रतिशत से अधिक में नाम दोबारा जोड़ने का फैसला हुआ, जबकि 8,649 अपीलें खारिज की गईं.

आयोग ने यह भी कहा कि SIR के दौरान ‘Absent, Shifted, Dead and Duplicate’ श्रेणियों में आने वाली प्रविष्टियों की पहचान की गई थी. उसके मुताबिक, केवल हटाए गए नामों की संख्या के आधार पर वास्तविक मतदाताओं के अधिकारों पर निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता.

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों पर SIR के असर के आरोपों को आयोग ने ‘त्रुटिपूर्ण और अटकलबाजी पर आधारित’ आकलन बताया. आयोग का कहना है कि इसके लिए यह भी देखना होगा कि हटाए गए लोग पात्र मतदाता थे या नहीं, उन्होंने अपील की या नहीं और उन अपीलों का अंतिम परिणाम क्या रहा.