संयुक्त राष्ट्र महासभा में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के भाषण के बाद भारत ने जवाब देने के अधिकार का इस्तेमाल किया. भारत की ओर से संयुक्त राष्ट्र में स्थायी मिशन की फर्स्ट सेक्रेटरी पेटल गहलोत ने पाकिस्तान पर आतंकवाद और कश्मीर के मुद्दे को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी.
गहलोत ने कहा कि पाकिस्तान दिन में सुरक्षा का दिखावा करता है, जबकि रात में आतंकवाद को अंजाम देता है. उन्होंने 9/11 हमले के मास्टरमाइंड ओसामा बिन लादेन के पाकिस्तान में रहने का भी उल्लेख किया. उनके अनुसार, लादेन पाकिस्तानी सेना की एक प्रमुख अकादमी के पास रह रहा था.
कश्मीर के मुद्दे पर गहलोत ने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है. उन्होंने पाकिस्तान से पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर पर ध्यान देने को कहा और वहां के लोगों से कथित हत्याओं, हिंसा तथा बुनियादी अधिकारों से वंचित किए जाने के बारे में पूछने की बात कही.
पेटल गहलोत की राजनयिक भूमिका
पेटल गहलोत को जुलाई 2023 में भारत के स्थायी मिशन में फर्स्ट सेक्रेटरी नियुक्त किया गया था. इससे पहले वह 2020 से 2023 तक विदेश मंत्रालय की यूरोपियन वेस्ट डिविजन में अंडर सेक्रेटरी के पद पर काम कर चुकी हैं. इस दौरान उनकी तैनाती पेरिस और सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय मिशन या कॉन्सुलेट में भी रही.
गहलोत ने मुंबई के सेंट जेवियर कॉलेज से कला में स्नातक की पढ़ाई की. इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के लेडी श्री राम कॉलेज फॉर वुमेन से राजनीतिक विज्ञान में मास्टर डिग्री हासिल की. उन्होंने मिडलबरी इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज, मोंटेरे से भाषा व्याख्या और अनुवाद में भी मास्टर डिग्री की है.
कूटनीतिक भूमिका के अलावा गहलोत संगीत में रुचि रखती हैं और सोशल मीडिया पर गिटार बजाते हुए वीडियो साझा करती रही हैं.
