हरियाणा पुलिस की एक महिला कॉन्स्टेबल ने विक्रांत उर्फ विक्की तोमर पर IPL में चयन कराने के नाम पर 40 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया है. पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने खुद को दिल्ली रणजी टीम का खिलाड़ी बताया था और दावा किया था कि IPL में चयन के लिए उसे 60 लाख रुपये की जरूरत है.

महिला कॉन्स्टेबल ने बताया कि वह अपनी बहन के साथ झज्जर स्थित वीरेंद्र सहवाग की क्रिकेट एकेडमी में अभ्यास करने जाती थीं. वहीं उनकी मुलाकात विक्रांत से हुई. पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने बड़े क्रिकेटरों के साथ अपनी तस्वीरें दिखाईं और महंगी कारों में घूमता था, जिससे उस पर भरोसा हुआ. मई 2021 में दोनों का Instagram के जरिए संपर्क बढ़ा.

पीड़िता का आरोप है कि विक्रांत ने अपने मामा संजीव का हवाला देते हुए सात दिन में रकम लौटाने का भरोसा दिलाया. इसके बाद विक्रांत, उसके भाई तन्मय, बिलाल खान और अन्य लोगों के खातों में अलग-अलग किस्तों में 40 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए. रकम का कुछ हिस्सा उनकी बहन से उधार लिया गया था. पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने कथित तौर पर टालमटोल की और बाद में रकम लौटाने से इनकार कर दिया. पीड़िता ने नौकरी से हटवाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है.

महिला कॉन्स्टेबल के अनुसार, उन्होंने पहले गुरुग्राम में शिकायत दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उन्होंने ईस्ट दिल्ली साइबर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई.

दिल्ली में कई मामले दर्ज होने का दावा

दिल्ली पुलिस के अनुसार, विक्रांत के खिलाफ मायापुरी, हरि नगर, इंद्रपुरी और अन्य इलाकों में ठगी के छह मामले दर्ज हैं. एक अन्य मामले में करोल बाग थाने की महिला कॉन्स्टेबल से 24 लाख रुपये की कथित ठगी के बाद 24 अक्टूबर को दिल्ली के मध्य जिला साइबर थाने की पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था. पुलिस के मुताबिक, आरोपी इसी साल जून में जेल से जमानत पर बाहर आया था.

जांच में पुलिस को आशंका है कि वह दिल्ली पुलिस की एक ही बैच की करीब 20 महिला कॉन्स्टेबलों के संपर्क में था. हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन सभी के साथ ठगी होने की पुष्टि नहीं हुई है और कुछ महिलाओं ने औपचारिक शिकायत भी नहीं दी है.

पुलिस जांच में आरोपी पर सोशल मीडिया के जरिए संपर्क बढ़ाने, खुद को क्रिकेटर या कारोबारी बताने और शादी, निवेश या क्रिकेट में आगे बढ़ने के नाम पर पैसे मांगने का आरोप सामने आया है. इन आरोपों की पुष्टि जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही होगी.