नई दिल्ली: केंद्रीय कैबिनेट ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण को 2029 के आम चुनाव से लागू करने की दिशा में प्रस्ताव को मंजूरी दी है. इसके लिए परिसीमन से जुड़े विधेयकों और संवैधानिक संशोधन को संसद में लाने की तैयारी है.

प्रस्ताव के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में मौजूदा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की योजना है. रिपोर्टों के अनुसार, लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर करीब 850 करने और राज्यों के बीच मौजूदा प्रतिनिधित्व अनुपात को 2051 तक बनाए रखने का प्रावधान प्रस्तावित है.

महिला आरक्षण कानून, जिसे नारी शक्ति वंदन अधिनियम के नाम से जाना जाता है, 2023 में पारित हुआ था. इसके तहत लोकसभा, राज्य विधानसभाओं और दिल्ली विधानसभा में करीब एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने का प्रावधान है. हालांकि, कानून का क्रियान्वयन जनगणना के बाद परिसीमन की प्रक्रिया से जुड़ा है.

कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब विधेयकों को संसद में पेश किया जाएगा. आरक्षण 2029 से लागू होगा या नहीं, यह संसद से विधेयकों के पारित होने और आगे की संवैधानिक प्रक्रिया पूरी होने पर निर्भर करेगा.