भारतीय पहलवान दीपक को डोपिंग जांच में प्रतिकूल नतीजे के बाद एशियाई खेलों के लिए घोषित राष्ट्रीय टीम से हटा दिया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली के 25 वर्षीय ग्रीको-रोमन पहलवान के चयन ट्रायल के दौरान लिए गए यूरिन सैंपल में प्रतिबंधित पदार्थ क्लोमीफीन को लेकर आपत्ति दर्ज की गई थी.
राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (NADA) के नोटिस के अनुसार, सैंपल को 23 जुलाई को पहले ‘अटिपिकल फाइंडिंग’ के तौर पर वर्गीकृत किया गया था. 17 अगस्त को जांच और दीपक से बातचीत के बाद मामले को ‘Adverse Analytical Finding’ यानी प्रतिकूल विश्लेषणात्मक निष्कर्ष में बदल दिया गया.
बी-सैंपल से तय होगी आगे की स्थिति
क्लोमीफीन 2026 की विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (WADA) की प्रतिबंधित सूची में S4 श्रेणी के हार्मोन और मेटाबोलिक मॉड्यूलेटर के तहत शामिल है. यह दवा पुरुषों और महिलाओं में बांझपन के इलाज में इस्तेमाल की जाती है.
हालांकि, NADA के नोटिस में यह भी स्पष्ट किया गया है कि दीपक पर अभी अस्थायी निलंबन नहीं लगाया गया है. इसलिए जब तक निलंबन या अयोग्यता की अवधि तय नहीं होती, वह प्रतिस्पर्धा के लिए पात्र बने हुए हैं.
दीपक के पास बी-सैंपल की जांच का अनुरोध करने का विकल्प है. इसके लिए उन्हें अधिसूचना मिलने के सात दिन के भीतर अनुरोध करना होगा. अगर बी-सैंपल में भी क्लोमीफीन की पुष्टि होती है या दीपक बी-सैंपल जांच का अधिकार छोड़ देते हैं, तभी उल्लंघन की स्थिति आगे तय होगी.
चयन ट्रायल में किया था प्रभावित
दीपक ने 31 मई को लखनऊ में हुए चयन ट्रायल में जीत दर्ज कर एशियाई खेल टीम में जगह बनाई थी. इससे पहले उन्होंने फेडरेशन कप में पदक जीता था. वह भारतीय डाक विभाग से जुड़े हैं और एशियाई खेलों के लिए क्वालिफाई करने वाले विभाग के पहले पहलवान बने थे.
NADA के मुताबिक, दीपक ने डोपिंग कंट्रोल फॉर्म में प्रतिबंधित पदार्थ से जुड़ी किसी दवा के सेवन का उल्लेख नहीं किया था. उन्होंने जिन डाइटरी सप्लीमेंट्स के इस्तेमाल की बात कही, उनके समर्थन में बिल या खरीद रसीद जैसे दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं कराए.
एजेंसी ने जांच और प्रयोगशाला प्रक्रिया में ऐसी कोई अनियमितता नहीं पाई, जो सैंपल में पदार्थ मिलने की वजह समझा सके. नोटिस के अनुसार, दीपक की ओर से दी गई सफाई को संतोषजनक नहीं माना गया है. हालांकि, अंतिम निर्णय बी-सैंपल और आगे की एंटी-डोपिंग प्रक्रिया के बाद ही होगा.
भारतीय कुश्ती दल पर असर
दीपक को हटाए जाने से एशियाई खेलों में भारत की कुश्ती टीम और छोटी हो गई है. इससे पहले पुरुषों के फ्रीस्टाइल 86 किलोग्राम वर्ग के मुकुल दहिया और ग्रीको-रोमन 130 किलोग्राम वर्ग के दीपांशु भी अलग-अलग डोपिंग मामलों के कारण टीम से बाहर हो चुके हैं.
भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के एक अधिकारी के मुताबिक, संघ ने संभावित जोखिम से बचने के लिए दीपक को टीम से वापस लेने का फैसला किया. अधिकारी ने कहा कि अगर एशियाई खेलों के दौरान उनका टेस्ट पॉजिटिव आता, तो विश्व कुश्ती संस्था UWW संघ पर 20 लाख रुपये तक का जुर्माना लगा सकती थी.
डोपिंग उल्लंघन साबित होने पर 31 मई 2026, यानी सैंपल लिए जाने की तारीख से उनके परिणामों को भी अयोग्य ठहराया जा सकता है. फिलहाल, उपलब्ध जानकारी के आधार पर दीपक को टीम से हटाया गया है, लेकिन उनके खिलाफ अंतिम अयोग्यता या निलंबन का फैसला अभी नहीं हुआ है.
