अमेरिका के व्योमिंग में एक सिख ट्रक ड्राइवर पर कथित तौर पर 17 बार चाकू से हमला किया गया. 28 वर्षीय ड्राइवर की पहचान मीडिया रिपोर्ट्स में केवल उसके उपनाम ‘सिंह’ से की गई है. वह कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो का रहने वाला बताया गया है.

घटना रविवार तड़के Interstate 80 के Bitter Creek Rest Area में हुई, जब सिंह पेंसिल्वेनिया जा रहा था. उसके अनुसार, एक व्यक्ति उसके पीछे रेस्ट एरिया के बाथरूम में आया. वहां पहले उसे पीटा गया और फिर चाकू से कई वार किए गए. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसकी गर्दन, सीने, बाजुओं और पसलियों पर चोटें आईं. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

सिंह ने अस्पताल से कहा कि वह अब भी इस हमले से डरा हुआ है और उसे समझ नहीं आ रहा कि उसे निशाना क्यों बनाया गया.

यह हमला अमेरिकी Department of Homeland Security की उस विवादित सोशल मीडिया पोस्ट के बाद सामने आया है, जिसमें ‘Mr Singh’ लिखे संदेश के साथ एक सिख जैसे दिखने वाले ट्रक ड्राइवर की तस्वीर थी. पोस्ट बाद में हटा दी गई. हालांकि, उपलब्ध रिपोर्ट्स में इस हमले और पोस्ट के बीच कोई पुष्टि किया हुआ संबंध या आरोपी का मकसद सामने नहीं आया है.