कार के इंटीरियर में सीटों के बीच की जगह, AC वेंट और डैशबोर्ड के कोनों से धूल निकालना अक्सर मुश्किल होता है. XECH X-Jet NEO इसी तरह की छोटी और संकरी जगहों की सफाई के लिए बनाया गया कॉर्डलेस एयर डस्टर है. इसका इस्तेमाल कार के अलावा लैपटॉप, कीबोर्ड और घर के दूसरे इलेक्ट्रॉनिक सामानों की सफाई में भी किया जा सकता है.

डिजाइन और फीचर्स

डिवाइस को गन-स्टाइल डिजाइन दिया गया है. करीब 243 ग्राम वजन और कॉम्पैक्ट आकार के कारण इसे लंबे समय तक पकड़कर इस्तेमाल करना आसान है. इसे कार में रखना भी सुविधाजनक है. इसमें एक छोटी लाइट दी गई है, जो बहुत तेज रोशनी नहीं देती, लेकिन जरूरत पड़ने पर टॉर्च की तरह काम आ सकती है.

डिवाइस के छोटे डिस्प्ले पर बैटरी प्रतिशत और फैन की पावर दिखाई जाती है. इसमें छह अलग-अलग स्पीड लेवल मिलते हैं, जिससे सफाई वाली जगह के हिसाब से एयरफ्लो चुना जा सकता है. चार्जिंग के लिए USB Type-C पोर्ट दिया गया है.

सफाई में प्रदर्शन

XECH X-Jet NEO में 120W की ब्रशलेस मोटर है, जो 110,000 RPM तक घूम सकती है. हाई स्पीड पर इसका एयरफ्लो सीटों के गैप, डैशबोर्ड के कोनों और अन्य संकरी जगहों में जमा सूखी धूल को बाहर निकालने में मदद करता है. घर में जाले हटाने या इलेक्ट्रॉनिक सामान से धूल उड़ाने के लिए भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है.

हालांकि, यह डिवाइस कार की पूरी सफाई नहीं करता. बाहर जमी सामान्य धूल, पत्तियों और हल्की गंदगी को यह उड़ा सकता है, लेकिन चिपकी या जमी हुई गंदगी को हटाने के लिए कपड़े या दूसरे सफाई साधन की जरूरत होगी. पानी सुखाने में भी यह बहुत प्रभावी नहीं है, क्योंकि पानी हटने के बाद निशान रह सकते हैं.

खरीदना चाहिए या नहीं?

कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर XECH X-Jet NEO की कीमत ₹1,899 बताई गई है. अगर जरूरत कार के इंटीरियर की छोटी जगहों से सूखी धूल निकालने की है, तो यह उपयोगी गैजेट हो सकता है. लेकिन इसे वैक्यूम क्लीनर का विकल्प नहीं समझना चाहिए. बेहतर परिणाम के लिए एयर डस्टर के साथ वैक्यूम क्लीनर और कपड़े का इस्तेमाल करना पड़ेगा.