चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अपना तीन दिवसीय अमेरिका दौरा खत्म कर दिया है. दौरे के बाद उन्होंने कहा कि इस साल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से उनकी दो और मुलाकातें हो सकती हैं. यह मुलाकातें नवंबर में चीन में होने वाले एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) सम्मेलन और दिसंबर में अमेरिका में प्रस्तावित जी-20 सम्मेलन के दौरान होने की संभावना है.

शी जिनपिंग ने ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया को नवंबर में चीन के शेनझेन में होने वाले एपेक सम्मेलन में शामिल होने का न्योता दिया है. उन्होंने कहा कि ट्रंप के साथ बातचीत से चीन-अमेरिका संबंधों को नई गहराई मिली है और दोनों देशों के रिश्तों के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद है.

व्यापार और द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा

व्हाइट हाउस में मीडिया से संक्षिप्त बातचीत के दौरान शी ने कहा कि दोनों देशों के संबंध सम्मान, बराबरी और एक-दूसरे के हितों को ध्यान में रखकर आगे बढ़ने चाहिए. उनके मुताबिक, चीन और अमेरिका के रिश्तों को पहले से अधिक स्थिर और रचनात्मक बनाने पर सहमति बनी है.

अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर के अनुसार, दोनों देशों ने कुछ सामानों के व्यापार को लेकर समझौते किए हैं. इनमें अमेरिकी कृषि उत्पाद और चिकित्सा उपकरणों के साथ चीन के कुछ गैर-संवेदनशील सामान शामिल हैं. अमेरिकी प्रशासन इस समझौते की विस्तृत जानकारी बाद में साझा करेगा.

ट्रंप ने कहा कि दौरे के नतीजों से अमेरिकी किसानों को फायदा होगा. चीन के बयान में कहा गया कि दोनों देशों की आर्थिक और व्यापारिक टीमों ने नई साझा व्यवस्था पर सहमति बनाई है, जिससे उद्योगों, लोगों और वैश्विक अर्थव्यवस्था को लाभ मिल सकता है.

एआई और ईरान पर भी बातचीत

शी ने कहा कि चीन और अमेरिका के बीच कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा के साथ सहयोग की भी संभावनाएं हैं. उन्होंने एआई को मानव नियंत्रण में रखने और इसके जोखिमों व लाभों पर बातचीत जारी रखने की बात कही.

ट्रंप ने बताया कि दोनों नेताओं ने ईरान के साथ युद्ध के मुद्दे पर भी चर्चा की. हालांकि, बातचीत के संभावित परिणामों के बारे में कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई.