चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग अमेरिका के वॉशिंगटन पहुंच गए हैं, जहां उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ मुलाकात होनी है. अमेरिका पहुंचने के बाद जारी लिखित बयान में जिनपिंग ने कहा कि चीन और अमेरिका को एक-दूसरे का दुश्मन नहीं, बल्कि साझेदार होना चाहिए. उन्होंने कहा कि दोनों देश नए दौर में साथ रहने का सही रास्ता खोज सकते हैं.
जिनपिंग ने कहा कि चीन और अमेरिका दोनों बड़े देश हैं और दोनों देशों की जनता भी महान है. उन्होंने ट्रंप के साथ द्विपक्षीय संबंधों और दुनिया की स्थिति से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से बातचीत करने की इच्छा जताई.
सहयोग को आधार बनाने पर जोर
चीनी राष्ट्रपति ने स्थिर संबंधों की रूपरेखा बताते हुए कहा कि सहयोग मुख्य आधार होना चाहिए, प्रतिस्पर्धा सीमित रहनी चाहिए और मतभेदों को नियंत्रण में रखा जाना चाहिए. उन्होंने दोनों देशों के लोगों के बीच लंबे समय से चले आ रहे संपर्क और आपसी हितों के गहराई से जुड़े होने का भी उल्लेख किया.
बयान में जिनपिंग ने कहा कि चीन के राष्ट्रीय पुनरुत्थान और ट्रंप के ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’ का लक्ष्य एक-दूसरे के विरोध में नहीं है. उनके मुताबिक, दोनों देश साथ आगे बढ़ सकते हैं और इससे दुनिया को भी लाभ हो सकता है.
जिनपिंग ने मई में ट्रंप की चीन यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान दोनों नेता चीन-अमेरिका के बीच रणनीतिक स्थिरता वाले संबंध बनाने पर सहमत हुए थे.
वॉशिंगटन के ज्वाइंट बेस एंड्रयूज पहुंचने पर ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप ने जिनपिंग का स्वागत किया. दोनों नेताओं की बातचीत में व्यापार, तकनीक और अन्य वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की बात कही गई है.
