हरियाणा के यमुनानगर में सोशल मीडिया रील बनाने के दौरान 15 वर्षीय किशोर की करंट लगने से मौत हो गई. मृतक की पहचान जवाहर नगर निवासी केशव के रूप में हुई है. वह कक्षा 10 का छात्र था.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना जगाधरी वर्कशॉप के पास हुई, जहां एक मालगाड़ी खड़ी थी. केशव वीडियो बनाने के लिए ट्रेन के ऊपर चढ़ गया. ऊपर मौजूद हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

बताया गया कि धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे. वहां किशोर का शरीर गंभीर रूप से झुलसा हुआ मिला. घटना के समय उसका चचेरा भाई आशीष नीचे खड़ा था.

रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर यमुनानगर सिविल अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया. उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार, केशव नए कपड़े खरीदने के बाद अपने चचेरे भाई के साथ वीडियो बनाने के लिए वहां पहुंचा था.