यमन में हूती लड़ाकों की बढ़ती सैन्य बढ़त के बीच राष्ट्रपति राशद अल-अलीमी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर बातचीत की और सऊदी अरब समर्थित अपनी सरकार के लिए अमेरिकी सैन्य मदद मांगी. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रंप ने सीधे सैन्य समर्थन देने की प्रतिबद्धता नहीं जताई.

यह बातचीत ऐसे समय हुई है जब हूती समूह बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य के आसपास महत्वपूर्ण इलाकों पर कब्जा मजबूत करने की कोशिश कर रहा है. यह जलडमरूमध्य लाल सागर और अदन की खाड़ी को जोड़ता है और क्षेत्रीय समुद्री आवाजाही के लिए रणनीतिक रूप से अहम है.

हूतियों की बढ़त और अमेरिकी रुख

हूती 2014 से यमन की राजधानी पर नियंत्रण रखते हैं. इस महीने समूह ने लाल सागर के तट के पास तेजी से बढ़त बनाई और सऊदी समर्थित सरकार से जुड़े बलों को पीछे धकेला. अब हूती ताइज और लाहिज प्रांतों के बीच स्थित कहबूब पहाड़ियों पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं. इन पहाड़ियों से लाल सागर तट और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार के नियंत्रण वाले इलाकों के बीच संपर्क प्रभावित हो सकता है.

ताइज प्रांत के अल-वजीया जिले और बाब अल-मंदेब से अदन के बीच तटीय क्षेत्र रास अल-अरा के आसपास भी लड़ाई की खबरें हैं. यमनी पत्रकार और राजनीतिक विश्लेषक मोहम्मद अल-कादी के अनुसार, बाब अल-मंदेब क्षेत्र खोने के बाद सरकारी बल फिलहाल रक्षात्मक स्थिति में दिख रहे हैं, जबकि हूती अपनी बढ़त बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं.

रिपोर्टों के मुताबिक, सऊदी अरब और यमन ने अमेरिका से हस्तक्षेप की मांग बढ़ाई है. हूतियों को अमेरिका आतंकवादी संगठन घोषित कर चुका है, लेकिन ट्रंप प्रशासन ने यमन में सीधे सैन्य भूमिका बढ़ाने से अब तक परहेज किया है. ट्रंप पहले कह चुके हैं कि अमेरिका हूतियों के संपर्क में है और समूह ने अमेरिकी जहाजों को निशाना न बनाने का संकेत दिया था.

हवाई हमलों की योजना पर भी रोक

द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया गया कि सऊदी युवराज मोहम्मद बिन सलमान की अपील के बाद अमेरिकी प्रशासन ने रविवार को हूती ठिकानों पर हवाई हमले की तैयारी की थी. हालांकि, विमानों पर बम लादे जाने के बावजूद ट्रंप ने आखिरी समय पर प्रस्तावित हमले रोक दिए.

संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, हालिया लड़ाई तेज होने के बाद लगभग 700 लोग मारे गए और हजारों घायल हुए हैं. करीब 1,30,000 यमनी लोग देश के भीतर विस्थापित हुए, जबकि 3,000 से अधिक लोग नावों से लाल सागर पार कर अफ्रीका पहुंचे. हूतियों के अनुसार, सऊदी अरब ने हाल के दिनों में उनके ठिकानों पर सैकड़ों हवाई हमले किए हैं.

यमन का संकट अमेरिका और ईरान के बीच जारी राजनयिक गतिरोध के साथ भी जुड़ा हुआ है. जून में हुआ अंतरिम समझौता कुछ ही हफ्तों में टूट गया था. ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के संयुक्त राष्ट्र महासभा में शामिल होने के लिए न्यूयॉर्क जाने की योजना है. ट्रंप ने उनसे मुलाकात की संभावना से इनकार नहीं किया है, लेकिन बैठक की पुष्टि नहीं हुई है.