उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार, 8 सितंबर को अयोध्या के दौरे पर रहेंगे. वह राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के प्रदेशव्यापी सम्मेलन में शामिल होंगे, उन्हें संबोधित करेंगे और सम्मानित करेंगे. इसके अलावा मुख्यमंत्री हनुमानगढ़ी तथा राम जन्मभूमि परिसर में दर्शन-पूजन करेंगे.

राजकीय इंटर कॉलेज में होगा मुख्य कार्यक्रम

दौरे के कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 2:50 बजे राजकीय इंटर कॉलेज के हेलीपैड पर पहुंचेंगे. इसके बाद दोपहर 3 बजे से शाम 4 बजे तक सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. कार्यक्रम में प्रदेशभर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भागीदारी प्रस्तावित है.

सम्मेलन के बाद मुख्यमंत्री शाम 4:10 बजे हेलीकॉप्टर से अयोध्या धाम के लिए रवाना होंगे. राम कथा पार्क हेलीपैड पर उनके 4:15 बजे पहुंचने का कार्यक्रम है. इसके बाद वह करीब 4:25 बजे हनुमानगढ़ी पहुंचकर दर्शन और पूजन करेंगे.

राम जन्मभूमि परिसर में दर्शन का कार्यक्रम

कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री शाम 4:45 बजे राम जन्मभूमि परिसर पहुंचेंगे, जहां रामलला का दर्शन और पूजन करेंगे. इसके बाद शाम 5:05 बजे हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए रवाना होने का कार्यक्रम है. तय कार्यक्रम के अनुसार उनका अयोध्या दौरा करीब दो घंटे 15 मिनट का होगा.

बाढ़ प्रभावितों के लिए राहत अभियान जारी

मुख्यमंत्री के अयोध्या दौरे के बीच उत्तर प्रदेश में बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान भी जारी है. राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार अब तक 19,496 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. सोमवार को करीब 6,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया.

प्रशासन के मुताबिक प्रभावित लोगों के लिए 1,315 शरणालय स्थापित किए गए हैं. अब तक 6.83 लाख से अधिक लंच पैकेट और 1.11 लाख से ज्यादा बाढ़ राहत किट वितरित की गई हैं. स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए 6.68 लाख क्लोरीन टैबलेट और 2.60 लाख से अधिक ओआरएस पैकेट भी बांटे गए हैं.

राहत एवं बचाव कार्यों के लिए 1,634 बाढ़ चौकियां और 1,072 मेडिकल टीमें स्थापित की गई हैं. प्रशासन के अनुसार अभियान में 2,161 नाव और मोटरबोट लगाई गई हैं. बाढ़ से 1,490 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है, जिनमें 1,272 मामलों में सहायता दिए जाने की बात कही गई है. राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार अब तक बाढ़ से जनहानि की सूचना नहीं है.