जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले के यूसमर्ग में लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर मोहम्मद आसिफ उर्फ हाशिम मूसा को सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में मार गिराया. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, मूसा को ऑपरेशन शेरुवाली के दौरान गोली लगी थी. जंगल में छिपे रहने और सुरक्षा घेरा होने के कारण उसे नियमित चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पा रही थी.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मूसा गोली के घावों पर शहद लगाता था. सितंबर में मारे गए आतंकी यासिर के फोन से मूसा के घावों पर शहद लगाए जाने की तस्वीरें मिलने की बात सामने आई है. बताया गया है कि ये तस्वीरें पाकिस्तान में मौजूद हैंडलरों को भेजी गई थीं, ताकि उन्हें मूसा की हालत की जानकारी दी जा सके. हैंडलरों ने कथित तौर पर शहद शुद्ध होने पर जोर दिया था.

ऑपरेशन शेरुवाली में लगी थी गोली

मूसा और यासिर पुंछ-राजौरी के जंगलों में छिपे हुए थे. दोनों की तलाश में चला ऑपरेशन 45 दिनों से ज्यादा समय तक जारी रहा. इसी अभियान के दौरान राजौरी के डोरिमल-गंभीर मुगला इलाके में मूसा को गोली लगने की जानकारी दी गई है.

अधिकारियों के मुताबिक, मूसा जम्मू-कश्मीर में लश्कर का प्रमुख ऑपरेशनल कमांडर था और करीब एक दर्जन आतंकी हमलों में शामिल रहा. इनमें 2025 का पहलगाम हमला भी शामिल बताया गया है, जिसमें बैसरन क्षेत्र में 26 लोगों की मौत हुई थी. अधिकारियों ने उस पर अप्रैल 2023 के पुंछ भट्टा दुरियां हमले, मई 2023 के राजौरी कांडी जंगल विस्फोट और दिसंबर 2023 के पुंछ डेरा की गली हमले में भूमिका का आरोप लगाया है. इन घटनाओं में सुरक्षा बलों के जवानों की मौत हुई थी.

शहद से घाव के उपचार पर विशेषज्ञों की राय

ऑल इंडिया डॉक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडियन सिस्टम ऑफ मेडिसिन के अध्यक्ष डॉ. आरपी पाराशर के अनुसार, आयुर्वेद में घाव की देखभाल के लिए शहद के इस्तेमाल का उल्लेख मिलता है. उन्होंने इसे ‘व्रण चिकित्सा’ से जोड़ते हुए शहद के सफाई और घाव भरने वाले गुणों का जिक्र किया.

विशेषज्ञों ने बताया कि शहद की ऑस्मोटिक सक्रियता, अम्लीय पीएच और कुछ प्रकारों में बनने वाला हाइड्रोजन पेरोक्साइड बैक्टीरिया की बढ़त रोकने में मदद कर सकता है. हालांकि, गोली के घावों में केवल शहद पर निर्भर रहना सुरक्षित उपचार नहीं है. घाव की सफाई, गोली के अवशेषों की जांच और संक्रमण रोकने के लिए चिकित्सकीय देखभाल जरूरी होती है. क्लिनिकल इस्तेमाल के लिए केवल स्टेराइल मेडिकल-ग्रेड शहद की सलाह दी जाती है.