ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान की बेटी जहरा पेजेशकियान 12 सितंबर को नई दिल्ली के नेशनल क्राफ्ट्स म्यूजियम में आयोजित ब्रिक्स बाजार पहुंचीं. उनके साथ उनके पति हसन मजीदी भी मौजूद थे. केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने जहरा का स्वागत किया और उन्हें बाजार के विभिन्न हिस्सों का दौरा कराया.
जहरा के पहनावे ने भी लोगों का ध्यान खींचा. वह सादगी भरे पारंपरिक ईरानी परिधान में नजर आईं. उन्होंने फुल-लेंथ ईरानी परिधान के साथ नीले और बहुरंगी प्रिंट वाला हिजाब पहना था. उनके लुक को रिपोर्ट में सरल और आकर्षक बताया गया है.
भारतीय पवेलियन समेत कई हिस्सों का दौरा
जहरा पेजेशकियान ने ब्रिक्स सदस्य देशों और साझेदार देशों के पवेलियन देखे. इन पवेलियनों में पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, हैंडलूम, टेक्सटाइल और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी वस्तुएं प्रदर्शित की गई हैं. उन्होंने भारतीय पवेलियन का भी दौरा किया और देश की पारंपरिक कला एवं सांस्कृतिक विरासत को करीब से देखा.
अन्नपूर्णा देवी ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं. उन्होंने कहा कि जहरा का स्वागत करना खुशी की बात थी और उन्हें बाजार में प्रदर्शित सदस्य तथा सहयोगी देशों की परंपराओं, कला, शिल्प और सांस्कृतिक विरासत के बारे में बताने का अवसर मिला.
15 सितंबर तक जारी रहेगा आयोजन
ब्रिक्स बाजार का आयोजन कपड़ा मंत्रालय और विदेश मंत्रालय की ओर से नेशनल क्राफ्ट्स म्यूजियम एंड हस्तकला अकादमी में किया गया है. बाजार की शुरुआत 10 सितंबर को हुई और यह 15 सितंबर तक चलेगा. आयोजन में आने वाले लोगों को पारंपरिक हस्तशिल्प, हैंडलूम उत्पाद, टेक्सटाइल और अन्य रचनात्मक उत्पाद देखने का अवसर मिल रहा है.
