केंद्र सरकार ने जाकिर नाइक द्वारा स्थापित इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (IRF) पर लगा प्रतिबंध अगले पांच साल के लिए बढ़ा दिया है. गृह मंत्रालय ने 13 नवंबर 2026 को जारी अधिसूचना में संगठन को गैरकानूनी संघ घोषित करते हुए यह कार्रवाई Unlawful Activities (Prevention) Act, 1967 के तहत की.
यह प्रतिबंध ऐसे समय बढ़ाया गया है जब पिछली पाबंदी 14 नवंबर 2026 को समाप्त होने वाली थी. IRF को पहली बार 17 नवंबर 2016 को गैरकानूनी संगठन घोषित किया गया था. इसके बाद 15 नवंबर 2021 को प्रतिबंध का नवीनीकरण किया गया था.
गृह मंत्रालय ने क्या कहा
मंत्रालय के अनुसार, IRF और उसके संस्थापक जाकिर नाइक पर धार्मिक आधार पर अलग-अलग समुदायों के बीच वैमनस्य, घृणा और दुश्मनी बढ़ाने का आरोप है. अधिसूचना में नाइक के बयानों और भाषणों को ‘आपत्तिजनक और विध्वंसक’ बताते हुए कहा गया कि इनके जरिए भारत और विदेशों में युवाओं को आतंकवादी गतिविधियों के लिए प्रेरित किए जाने का जोखिम है.
सरकार ने यह भी कहा कि संगठन पर तत्काल नियंत्रण नहीं लगाया गया तो वह कथित तौर पर अपने नेटवर्क को फिर सक्रिय कर सकता है, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ सकता है और अलगाववादी गतिविधियों को बढ़ावा दे सकता है. ये आरोप गृह मंत्रालय की अधिसूचना में दर्ज सरकारी दावे हैं.
