यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि वह दिसंबर में अमेरिका में होने वाले G20 नेताओं के शिखर सम्मेलन के दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलने के लिए तैयार हैं. उन्होंने यह बात एक मीडिया इंटरव्यू में कही.
जेलेंस्की के अनुसार, यदि पुतिन सम्मेलन में शामिल होते हैं, तो वह भी मियामी पहुंचेंगे. अमेरिका 2026 में G20 की मेजबानी कर रहा है और नेताओं का शिखर सम्मेलन 14-15 दिसंबर को आयोजित होना है.
जेलेंस्की ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर की हालिया यात्राओं को सकारात्मक संकेत बताया. दोनों दूत पहले मॉस्को में पुतिन से मिले और इसके बाद कीव जाकर जेलेंस्की से बातचीत की.
जेलेंस्की ने कहा कि यह महत्वपूर्ण था कि अमेरिकी प्रतिनिधियों ने केवल मॉस्को का दौरा नहीं किया, बल्कि कीव भी आए. इन बैठकों का उद्देश्य रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए राजनयिक प्रक्रिया को आगे बढ़ाना बताया गया है. हालांकि, अभी पुतिन और जेलेंस्की की मुलाकात तय नहीं हुई है.
