असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा है कि जुबीन गर्ग की मौत के मामले में दो मुख्य आरोपियों को जमानत मिलने पर उनके आवास का घेराव करने की कथित चेतावनी को राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट और गुवाहाटी हाईकोर्ट के सामने रखेगी. उन्होंने इसे अपने परिवार के लिए खतरा बताते हुए कहा कि यह उनकी हत्या की सीधी कोशिश तक हो सकती है.

मामले में श्यामकानु महंत और जुबीन गर्ग के प्रबंधक सिद्धार्थ शर्मा की जमानत याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट में 30 नवंबर को सुनवाई प्रस्तावित है. सरमा ने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया पर सवाल उठाने वालों को अदालत का रुख करना चाहिए, उन्हें व्यक्तिगत रूप से निशाना नहीं बनाना चाहिए.

जुबीन गर्ग न्याय समिति, जिसका नेतृत्व रायजोर दल के विधायक अखिल गोगोई कर रहे हैं, ने कहा था कि दोनों आरोपियों को जमानत मिलने या सरकार की ओर से प्रभावी कानूनी विरोध न किए जाने की स्थिति में मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा.

गुवाहाटी हाईकोर्ट पहले इस मामले में अमृतप्रभा महंत और संदीपन गर्ग को जमानत दे चुका है. सरमा ने कहा कि उन्होंने कानूनी विभाग को कथित घेराव की चेतावनी अदालतों के संज्ञान में लाने का निर्देश दिया है.