राजस्थान के अजमेर में चुनावी स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में तैनात पुलिस कांस्टेबल नरेंद्र गोदारा की गोली लगने से मौत हो गई. घटना आदर्श नगर थाना क्षेत्र के पॉलिटेक्निक कॉलेज में हुई, जहां चुनाव से संबंधित सामग्री के लिए स्ट्रांग रूम बनाया गया है.

अजमेर के पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि कांस्टेबल ने ड्यूटी के दौरान अपनी सर्विस एसएलआर से खुद को गोली मारी. घटना शाम करीब 5 बजे से 5:15 बजे के बीच हुई. इसी समय सुरक्षा कर्मियों की शिफ्ट बदलती थी.

नरेंद्र गोदारा 2018 बैच के कांस्टेबल थे और 9वीं आरएसी टोंक की ‘ए’ कंपनी में तैनात थे. यह कंपनी 16 अक्टूबर से पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में लगी हुई थी. जानकारी के अनुसार, गोदारा अजमेर में घटनास्थल के पास किराए के मकान में रहते थे.

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से अब तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. इसलिए कांस्टेबल ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है. पुलिस घटना से पहले की परिस्थितियों और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की. फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) और एमओबी की टीमें भी घटनास्थल की जांच कर रही हैं. पुलिस के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही मौत के पीछे की वजहों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आएगी.