अजमेर रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान एक यात्री ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गया. मौके पर तैनात GRP कांस्टेबल रामावतार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए यात्री को पकड़कर बाहर खींच लिया. समय रहते हुए बचाव होने से बड़ा हादसा टल गया.

घटना शनिवार शाम करीब 4:15 बजे की बताई गई है. पुलिस के अनुसार, दाउरी-टनकपुर ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर आ रही थी. इसी दौरान यात्री का पैर फिसल गया या उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच नीचे जा गिरा.

यात्री को गिरता देखकर स्टेशन पर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई. इससे पहले कि आसपास के लोग कुछ कर पाते, GRP थाने में तैनात कांस्टेबल रामावतार दौड़कर मौके पर पहुंचे. उन्होंने बिना घबराए यात्री को पकड़ा और पूरी ताकत लगाकर उसे प्लेटफॉर्म की ओर खींच लिया.

यात्री को बाहर निकालने के बाद उसे संभाला गया. उसकी स्थिति सामान्य होने पर उसे दोबारा ट्रेन में बैठा दिया गया. स्टेशन पर लगे CCTV कैमरों में यात्री के गिरने से लेकर कांस्टेबल द्वारा उसे बाहर निकालने तक की घटना रिकॉर्ड हुई है. इस बचाव का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है.