अजमेर रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रही 39 वर्षीय महिला हादसे का शिकार हो गई. ट्रेन गति पकड़ चुकी थी, तभी उसका पैर फिसला और वह ट्रेन के साथ घिसटते हुए प्लेटफॉर्म और डिब्बे के बीच बने संकरे गैप में जा गिरी. उसका आधा शरीर इस गैप में फंस गया था.

घटना 10 नवंबर की बताई गई है. RPF के अनुसार, मौके पर तैनात कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार और नरेंद्र कुमार ने तत्काल कार्रवाई की. दोनों जवानों ने महिला को खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, यह बचाव करीब 11 सेकंड में पूरा किया गया. उनकी सतर्कता से बड़ी दुर्घटना टल गई.

महिला की पहचान उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के हुसैनपुर ख्वाबपुर निवासी रेशमा के रूप में हुई है. वह बरेली जाने के लिए ट्रेन पकड़ने पहुंची थी. ट्रेन चलने के बाद उसने दौड़कर कोच के दरवाजे का हैंडल पकड़कर चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से उसका पैर फिसल गया.

घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें महिला के गिरने से लेकर RPF जवानों द्वारा उसे बाहर निकालने तक का घटनाक्रम दिखाई देता है.