राजस्थान में बारिश और तेज हवाओं के बाद मौसम में ठंडक बढ़ गई है. पिछले 24 घंटे में अलवर, जयपुर, जोधपुर, अजमेर, पाली, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, टोंक और करौली समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई. इसके असर से कई जगह दिन के तापमान में गिरावट आई.

अलवर में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो माउंट आबू के 27.7 डिग्री से भी कम रहा. अलवर, बीकानेर और सीकर के फतेहपुर में अधिकतम तापमान में करीब 6 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई. जयपुर में अधिकतम तापमान 30.5 और न्यूनतम 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा.

पश्चिमी राजस्थान में भी राहत

पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे रहा. चित्तौड़गढ़ 38 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि बाड़मेर में अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री दर्ज किया गया. रात में पिलानी का न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री रहा.

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, बारिश की गतिविधियां कम होने के बाद अगले चार से पांच दिनों में मौसम साफ रहने और तापमान में करीब दो डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना है.