राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने अलवर की शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता पर चिंता जताई है. जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक में उन्होंने NEET और JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के परिणामों का हवाला देते हुए कहा कि जिले में करीब 18 हजार विद्यार्थियों ने इन परीक्षाओं में हिस्सा लिया, लेकिन केवल 14 विद्यार्थी सफल हो पाए. राज्यपाल के अनुसार, यह स्थिति शिक्षा की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करती है.
उन्होंने कहा कि पहली कक्षा से 12वीं तक शिक्षा के स्तर में सुधार की जरूरत है. केवल विद्यार्थियों को 12वीं की परीक्षा पास करा देना शिक्षा की सफलता नहीं है. बच्चों में बौद्धिक क्षमता, विवेक और तार्किक सोच विकसित करना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य होना चाहिए.
राज्यपाल ने शिक्षकों से विद्यार्थियों की स्वाभाविक जिज्ञासा को बढ़ावा देने की अपील की. उन्होंने कहा कि बच्चों को सवाल पूछने और नई चीजें सीखने से रोकने के बजाय उनकी जिज्ञासा को विकसित किया जाना चाहिए. शिक्षा केवल रटकर परीक्षा पास कराने तक सीमित नहीं होनी चाहिए. विद्यार्थियों को NEET और JEE के साथ RPSC और UPSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी तैयार किया जाना चाहिए.
डिग्री और वास्तविक तैयारी के बीच अंतर पर जोर
राज्यपाल ने विभिन्न विश्वविद्यालयों के दीक्षांत समारोहों का अनुभव साझा करते हुए कहा कि डिग्री लेने वाले विद्यार्थियों से जब RPSC और UPSC की परीक्षा देने की तैयारी के बारे में पूछा जाता है, तो बहुत कम युवा हाथ उठाते हैं. उन्होंने इसे डिग्री हासिल करने और वास्तविक शैक्षणिक योग्यता विकसित होने के बीच का अंतर बताया.
उन्होंने कहा कि वे प्रदेश के सभी जिलों का दौरा कर शिक्षा की वास्तविक स्थिति समझ रहे हैं. शिक्षा विभाग को गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई और विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने पर विशेष ध्यान देना चाहिए.
टीबी और नशामुक्ति अभियान तेज करने के निर्देश
बैठक में राज्यपाल ने अलवर को जल्द से जल्द टीबी मुक्त जिला बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग को अभियान तेज करने के निर्देश दिए. नशामुक्त भारत अभियान के तहत उन्होंने अलवर को नशामुक्त बनाने पर भी जोर दिया.
उन्होंने अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, नशे की गिरफ्त में आए लोगों की काउंसलिंग और जनजागरूकता बढ़ाने की बात कही. सरकारी कर्मचारियों में नशे की प्रवृत्ति होने पर पहले उन्हें इससे मुक्त कराने का प्रयास करने का सुझाव भी दिया, ताकि वे समाज के सामने उदाहरण बन सकें.
