राजस्थान के अलवर जिले के मेवात क्षेत्र में दो सगे भाइयों की शादी का हेलीकॉप्टर इंतजाम चर्चा में है. भुल्ला का बास गांव के रहने वाले रोहिल खान और साहिर खान अपनी दुल्हनों को हेलीकॉप्टर से लेने शीतल गांव पहुंचे. निकाह के बाद दोनों दुल्हनें इसी हेलीकॉप्टर से अपने ससुराल लौटीं.
परिवार के मुताबिक, दोनों दुल्हनों की इच्छा थी कि वे हेलीकॉप्टर से विदा होकर ससुराल पहुंचें. उनकी इच्छा पूरी करने के लिए परिवार ने हेलीकॉप्टर किराये पर लिया. रविवार को हुए निकाह में साहिर खान की शादी आइना से और रोहिल खान की शादी मौसीना से हुई.
चार घंटे के लिए बुक किया गया हेलीकॉप्टर
दूल्हों के चाचा शहाबुद्दीन खान ने बताया कि हेलीकॉप्टर को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे स्थित पिनान रेस्ट हाउस से किराये पर लिया गया था. उनके अनुसार, इसे चार घंटे के लिए बुक किया गया और इसके लिए पांच लाख रुपये का भुगतान किया गया. हेलीकॉप्टर दो घंटे भुल्ला का बास और दो घंटे शीतल गांव में रहा.
शहाबुद्दीन खान के मुताबिक, हेलीकॉप्टर कंपनी ने संबंधित विभागों से जरूरी स्वीकृतियां ली थीं.
दूल्हों के हेलीकॉप्टर से शीतल गांव पहुंचने की खबर फैलते ही वहां और भुल्ला का बास में सैकड़ों ग्रामीण जमा हो गए. लोगों ने हेलीकॉप्टर के साथ तस्वीरें खिंचवाईं. एक ही हेलीकॉप्टर से दो दूल्हों का दुल्हनों को लेकर लौटना क्षेत्र के लोगों के लिए खास आकर्षण रहा और यह शादी स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गई.
