राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बहरोड़ में एनएच-48 पर तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से 44 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसे के बाद महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत को देखते हुए ICU में रखा गया है.
घटना गुरुवार सुबह करीब 5:55 बजे उपवन सोसाइटी के सामने हुई. महिला अपने साथ दो अन्य महिलाओं के साथ नीमराना स्थित हेवेल्स कंपनी की बस का इंतजार कर रही थी. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इसी दौरान जयपुर की ओर से आ रहे ट्रेलर ने डिवाइडर के पास खड़ी महिलाओं को टक्कर मार दी.
टक्कर लगते ही दो महिलाएं दौड़कर बच गईं, जबकि मनीषा ट्रेलर की चपेट में आ गईं. मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें सड़क से हटाकर किनारे पहुंचाया और बहरोड़ के निजी अस्पताल ले गए. घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंचे.
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर लिया है. थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि फिलहाल परिवार का ध्यान घायल महिला के इलाज पर है और रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
मनीषा मूल रूप से झुंझुनू जिले के पचेरी बड़ी के पास स्थित अलीपुर गांव की रहने वाली हैं और वर्तमान में बहरोड़ की उपवन सोसाइटी में परिवार के साथ रहती हैं. उनके पति मोतीलाल जांगीड़ दिल्ली परिवहन निगम में बस चालक हैं.
