राजस्थान के भरतपुर जिले के भौंडा गांव में रविवार शाम क्रशर खनन लीज को लेकर हुए विवाद के दौरान भाजपा नेता और बयाना के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना पर हमला किया गया. गंभीर रूप से घायल अतर सिंह की जयपुर के SMS अस्पताल में रात करीब 11:30 बजे इलाज के दौरान मौत हो गई. उनके सहयोगी गगन शर्मा को भरतपुर रेफर किया गया है.

परिवार के अनुसार, अतर सिंह शाम करीब 6:30 बजे क्रशर प्लांट पहुंचे थे. उनकी पत्नी कमलेश ने दावा किया कि वहां 70 से 80 लोगों ने लाठियों और पत्थरों से हमला किया. उन्होंने अतर सिंह को गोली लगने की बात भी कही है. हालांकि, वैर उप जिला अस्पताल के डॉक्टर ने प्राथमिक जांच के आधार पर गोली लगने की पुष्टि से इनकार किया. पुलिस इस पहलू की जानकारी जुटा रही है.

पुलिस अधिकारी धीरेंद्र सिंह के अनुसार, क्रशर प्लांट को लेकर ग्रामीणों और संचालक के बीच करीब चार साल से विवाद चल रहा था. ग्रामीणों का आरोप है कि गोचर भूमि पर अतिक्रमण और अवैध खनन किया जा रहा था. लीज तक जाने वाले रास्ते को लेकर भी विवाद था. ग्रामीणों के अनुसार, वे पिछले 10-15 दिनों से शांतिपूर्ण धरना दे रहे थे और रविवार को अतर सिंह के पक्ष के 40-50 लोगों के पहुंचने के बाद विवाद बढ़ा.

वहीं, अतर सिंह की पत्नी का आरोप है कि लीज का कनेक्शन काट दिया गया था और पानी का पंप खराब किया गया था. उनका कहना है कि पुलिस और प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई थी.

पुलिस के मुताबिक, घटना के समय प्लांट पर करीब 20-25 कर्मचारी मौजूद थे. गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अभी तक किसी भी पक्ष ने पुलिस में मामला दर्ज नहीं कराया है. अतर सिंह मूल रूप से हरियाणा के फरीदाबाद के रहने वाले थे और वर्ष 2003 में वैर से भाजपा विधायक चुने गए थे.