राजस्थान के भीलवाड़ा में 70 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, वारदात 12 अक्टूबर को भीमगंज थाना क्षेत्र के वीर सावरकर नगर में हुई. आरोप है कि महिला के पास रखे करीब 15 तोला सोने के आभूषणों के लालच में उसकी हत्या की गई.

मृतका की पहचान कमला देवी कांकरिया के रूप में हुई है. वह घर में अकेली रहती थीं. उनकी बहू ने 15 अक्टूबर को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. जांच के दौरान पुलिस को 12 अक्टूबर की शाम कमला देवी के एक पड़ोसी रवि तापड़िया के साथ जाने का CCTV फुटेज मिला.

पुलिस का दावा है कि पूछताछ में रवि ने अपने साथी हीरा सिंधी के साथ मिलकर महिला की गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की. आरोप है कि इसके बाद शव को छत पर ले जाकर पेट्रोल से जलाया गया और बचे हुए अवशेष कोठारी नदी में फेंक दिया गया.

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. उनकी निशानदेही पर मंगलवार को नदी से हड्डियों और राख के अवशेष बरामद किए गए. मामले में आगे की जांच जारी है.