राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में सोमवार, 19 अक्टूबर को विस्फोटक से लदी पिकअप वैन में धमाका हो गया. हादसे में वैन के चालक की मौत हो गई. घटना गुलाबपुरा थाना क्षेत्र के आगूचा गांव में करीब 11:30 बजे हुई.

पुलिस के अनुसार, वैन खदानों में विस्फोट के लिए इस्तेमाल होने वाली सामग्री लेकर एक परिसर में खड़ी थी. धमाके की चपेट में आने से वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक मलबे के नीचे दब गया. पुलिस ने मृतक की पहचान सवाई माधोपुर निवासी अतमाराम गुर्जर के रूप में की है. उनके परिवार को सूचना दे दी गई है.

धमाके का असर आसपास के मकानों पर भी पड़ा. कई घरों के दरवाजों और खिड़कियों के शीशे टूट गए, जबकि कुछ दीवारों में दरारें आईं. धमाके के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की.

पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है. फोरेंसिक टीम विस्फोटक सामग्री की जांच करेगी और धमाके की वजह का पता लगाएगी. मृतक के परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा.