राजस्थान के भीलवाड़ा शहर में एक परिवार ने अपनी पालतू गाय गौरी को परिवार के सदस्य की तरह अंतिम विदाई दी. विजय सिंह पथिक नगर में रहने वाले अधिवक्ता अशोक गट्टानी के घर गौरी पिछले कुछ दिनों से बीमार थी. निधन के बाद परिवार ने उसकी अंतिम यात्रा निकालने का फैसला किया.

मेवाड़ी परंपरा में अंतिम यात्रा को ‘डोल’ कहा जाता है. फूल-मालाओं से सजे वाहन पर गौरी को नई चुनरी ओढ़ाकर रखा गया. यात्रा के आगे बैंड-बाजे बज रहे थे, जबकि पीछे भजन-कीर्तन चल रहा था. रास्ते में ‘गौ माता की जय’ के जयकारे भी लगाए गए.

स्थानीय लोगों के अनुसार, बस्ती के कई घरों के बाहर लोग गौरी को अंतिम विदाई देने के लिए खड़े रहे. महिलाओं ने उसे चुनरी ओढ़ाकर प्रणाम किया. परिवार के मुताबिक, वे गौरी को पशु नहीं, बल्कि मां का दर्जा देते थे.

नगर भ्रमण के बाद कोठारी नदी के तट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गौरी का अंतिम संस्कार किया गया. शाम को आयोजित शोक सभा में परिवार और स्थानीय लोगों ने उसे श्रद्धांजलि दी. यह आयोजन गोपाष्टमी के दिन हुआ, जब परिवार और आसपास के लोगों ने गौरी के प्रति अपने भावनात्मक जुड़ाव को याद किया.