राजस्थान में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को आधुनिक बनाने के लिए भिवाड़ी आईटीआई क्लस्टर की 241 करोड़ रुपये की रणनीतिक निवेश योजना को मंजूरी मिली है. यह पहल पीएम-सेतु योजना के तहत लागू की जाएगी. केंद्र, राज्य सरकार और उद्योग भागीदार के बीच शेयरहोल्डर एग्रीमेंट भी हो चुका है.
भिवाड़ी होगा हब, चार आईटीआई स्पोक
इस क्लस्टर में राजकीय आईटीआई भिवाड़ी को हब बनाया जाएगा. अलवर, नीमराणा, तिजारा और किशनगढ़बास की राजकीय आईटीआई इससे स्पोक संस्थानों के रूप में जुड़ेंगी. हब में बनने वाले स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक प्रयोगशालाओं और डिजिटल शिक्षण सामग्री का लाभ इन संस्थानों के विद्यार्थियों को भी मिलेगा.
क्लस्टर के एंकर इंडस्ट्री पार्टनर के रूप में एचजी इन्फ्रा इंजीनियरिंग लिमिटेड काम करेगी. प्रशिक्षण का फोकस इंफ्रास्ट्रक्चर और कंस्ट्रक्शन क्षेत्र के साथ-साथ एनसीआर से जुड़े ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और मैन्युफैक्चरिंग उद्योगों की जरूरतों पर रहेगा.
विद्यार्थियों को एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमेशन और इंजीनियरिंग से जुड़े पाठ्यक्रमों के साथ ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग और व्यावहारिक कार्य-अनुभव दिया जाएगा. राज्य में प्रस्तावित 12 हब-स्पोक क्लस्टर्स में से बाकी 11 के लिए एंकर इंडस्ट्री पार्टनरों के प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं.
