बीकानेर में बीएसएफ जवानों के साथ दिवाली मना रहे केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल उस समय बाल-बाल बच गए, जब एक रॉकेट उनके चेहरे के बेहद करीब से गुजर गया. घटना के दौरान आतिशबाजी की चिंगारियां उनके कपड़ों पर भी गिरीं, लेकिन उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई.
जानकारी के मुताबिक, मेघवाल बीएसएफ मुख्यालय में जवानों के साथ दिवाली समारोह में शामिल हुए थे. समारोह के दौरान आतिशबाजी की जा रही थी. इसी क्रम में मंत्री फुलझड़ी की मदद से एक स्काई शॉट जलाने जा रहे थे.
बताया गया है कि मेघवाल के स्काई शॉट में आग लगाने से पहले ही सामने मौजूद एक अन्य युवक ने उसमें आग लगा दी. इसके तुरंत बाद रॉकेट तेजी से बाहर निकला और मंत्री के चेहरे के पास से गुजर गया. अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई.
रॉकेट की चिंगारियां मेघवाल के कपड़ों पर गिरीं, लेकिन उन्हें कोई चोट नहीं आई. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, घटना के बाद मंत्री सुरक्षित रहे और अपने निवास पर हैं. समारोह में मौजूद लोगों ने हादसा टलने पर राहत की सांस ली.
