राजस्थान के वरिष्ठ IAS अधिकारी शिखर अग्रवाल से जुड़े संपत्ति सौदों की जांच भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने शुरू कर दी है. यह कार्रवाई उदयपुर और अलवर में अग्रवाल, उनकी IPS पत्नी प्रशाखा माथुर और परिवार के सदस्यों के नाम पर खरीदे गए करीब 40 विला-कॉटेज को लेकर उठे सवालों के बाद हुई है.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार ने एक ही निजी कंपनी से बुझड़ा, उदयपुर और अजबगढ़, अलवर स्थित प्रॉपर्टी खरीदी. आरोप है कि कुछ संपत्तियां बाजार मूल्य से कम दर पर खरीदी गईं और बाद में उन्हें उसी कंपनी को लीज पर दिया गया. जांच में यह भी देखा जाएगा कि क्या अग्रवाल ने अपने अलग-अलग प्रशासनिक पदों पर रहते हुए कंपनी को नियमों में छूट या अन्य अनुचित लाभ पहुंचाया.

राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 17A के तहत जांच की अनुमति दी है. अग्रवाल को पहले ही APO पर रखा जा चुका है. उनकी पत्नी प्रशाखा माथुर, जो वरिष्ठ IPS अधिकारी हैं, को भी APO किया गया है. हालांकि, दोनों अधिकारियों पर लगे आरोप अभी जांच के स्तर पर हैं और किसी अपराध का अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है. ACB संपत्तियों के मूल्य, खरीद के स्रोत, लीज समझौतों और आय से अधिक संपत्ति के पहलू की जांच करेगी.