जयपुर में प्रॉपर्टी और डिजिटल करेंसी में भारी मुनाफे का झांसा देकर कथित तौर पर 100 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित कालोया और घनश्याम कांदेल के रूप में हुई है.

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने Easy Way Homes नाम से फर्म बनाकर प्रॉपर्टी में निवेश पर कई गुना रिटर्न का दावा किया. इसके अलावा Flinty-io और Flinty-live नाम से डिजिटल कॉइन से जुड़ी वेबसाइट्स के जरिए भी लोगों से निवेश कराया गया.

मामला जनवरी 2026 में सामने आया, जब एक कारोबारी ने सोडाला थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में करीब 5.55 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप लगाया गया था. पुलिस जांच में अन्य लोगों से भी रकम लेने और जयपुर के अलग-अलग थानों में इससे जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई.

पुलिस ने मोहित कालोया को गुड़गांव से गिरफ्तार किया. पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर घनश्याम कांदेल को भी पकड़ा गया. कार्रवाई के दौरान करीब 1.25 करोड़ रुपये की लग्जरी कार जब्त की गई और एक करोड़ रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट फ्रीज कराई गई. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर ठगी की रकम, निवेशकों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है.