जयपुर के सिविल लाइंस इलाके में भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री प्रताप सिंह सिंघवी के आवास पर चोरी की घटना सामने आई है. पुलिस के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति देर रात रसोई की खिड़की तोड़कर घर में दाखिल हुआ और करीब एक घंटे तक अंदर रहा.

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घर से करीब 1.5 लाख रुपये नकद और कृत्रिम आभूषण चोरी हुए हैं. घटना के समय परिवार के 10 से अधिक सदस्य घर में सो रहे थे. विधायक का आवास राजभवन और मुख्यमंत्री निवास के नजदीक स्थित है.

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि आरोपी घर से परिचित प्रतीत होता है. पुलिस आसपास और आवास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं.

प्रताप सिंह सिंघवी बारां जिले की छबड़ा विधानसभा सीट से विधायक हैं. घटना के समय वह पंचायत चुनाव से जुड़े काम के सिलसिले में अपने निर्वाचन क्षेत्र में गए हुए थे. पुलिस ने आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है.