राजस्थान के जयपुर जिले में दूदू-मालपुरा स्टेट हाईवे पर सोमवार शाम तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई. हादसे में एक युवती गंभीर रूप से घायल हुई है. दुर्घटना मंगलवाड़ा और सेवा गांव के बीच हुई.

पुलिस के अनुसार, चारों लोग दूदू के मुंगीताला गांव में आयोजित शादी समारोह में मायरा भरने के बाद अपने गांव खुड़ियाला लौट रहे थे. इसी दौरान कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद बाइक सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.

मृतकों की पहचान खुड़ियाला निवासी देशराज (23), ललिता (19) और किस्मत (18) के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, ललिता और किस्मत सगी बहनें थीं, जबकि देशराज उनका चचेरा भाई था. हादसे में घायल सुलोचना (24) उनकी रिश्तेदार हैं.

सूचना मिलने पर दूदू पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस से दूदू के सरकारी उपजिला अस्पताल भेजा. डॉक्टरों ने देशराज, ललिता और किस्मत को मृत घोषित कर दिया. गंभीर हालत में सुलोचना को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल रेफर किया गया.

पुलिस ने तीनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. दूदू थाना प्रभारी संजय प्रसाद मीणा के अनुसार, हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है.