जयपुर जिले में चुनाव ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले तीन वाहनों के परमिट निलंबित कर दिए गए हैं. ये वाहन पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के निर्वाचन कार्य के लिए अधिग्रहित किए गए थे.
प्रादेशिक परिवहन अधिकारी, जयपुर प्रथम चम्पालाल के अनुसार, वाहन मालिकों ने निर्धारित स्थान पर वाहन उपलब्ध नहीं कराए. कुछ वाहनों को अन्यत्र ले जाने और संबंधित मालिकों द्वारा फोन रिसीव नहीं करने की बात भी सामने आई.
कार्रवाई के दायरे में दो Maruti Tour S CNG और एक Maruti Dzire ZXI वाहन शामिल हैं. इनमें दो वाहन माधोराजपुरा और एक वाहन कोटखावदा पंचायत समिति क्षेत्र में चुनाव ड्यूटी के लिए लगाए गए थे.
मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 86 के तहत एक वाहन का परमिट 5 नवंबर से 4 दिसंबर 2026 तक 30 दिन के लिए निलंबित किया गया है. अन्य दो वाहनों पर 90-90 दिन का निलंबन लगाया गया है.
निलंबन अवधि में इन वाहनों का सार्वजनिक मार्ग पर संचालन प्रतिबंधित रहेगा. परमिट धारकों को आदेश मिलने के तीन दिन के भीतर मूल परमिट कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं. इस अवधि में वाहन चलते पाए जाने पर जब्ती और परमिट स्थायी रूप से निरस्त करने की कार्रवाई हो सकती है. मालिक 30 दिन के भीतर राजस्थान राज्य परिवहन अपीलीय अधिकरण में अपील कर सकते हैं.
