जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में सात साल पुरानी रंजिश के चलते हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई. पुलिस के मुताबिक, हत्या का मुख्य आरोपी हनीश है, जिसके पिता कैलाश की 2019 में विजय ने कथित तौर पर हत्या की थी. पुलिस इस मामले को बदले की कार्रवाई के तौर पर जांच रही है.
वारदात बुधवार, 11 नवंबर की शाम जगदंबा नगर इलाके में हुई. पुलिस के अनुसार, हनीश और उसके तीन साथियों ने कैंपर वाहन से विजय का करीब चार घंटे तक पीछा किया. शाम लगभग 7:15 बजे आरोपियों ने विजय की कार को टक्कर मारकर रोक दिया. विजय वाहन से उतरकर भागने लगा, लेकिन आरोपियों ने उसका पीछा किया और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया.
पुलिस को घटना की सूचना रात करीब 8 बजे मिली. मौके पर मौजूद लोगों के बनाए वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की मदद से कैंपर वाहन की पहचान की गई. पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है.
पुलिस ने हनीश, युवराज चौधरी, दिनेश और कमलेश को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों के अनुसार, चार में से तीन आरोपियों का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है. पुलिस का कहना है कि दोनों परिवारों के बीच पुरानी दुश्मनी थी और उनके घरों के बीच करीब 500 मीटर की दूरी है. मामले में आगे की जांच जारी है.
