जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में चुनाव ड्यूटी से गैरहाजिर रहने और लंबे समय तक बिना अनुमति अनुपस्थित रहने के मामले में चार रिक्रूट कांस्टेबलों को सेवा से पृथक कर दिया गया है. यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देश पर की गई.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चारों पुलिसकर्मियों को निर्वाचन ड्यूटी पर उपस्थित होने के आदेश दिए गए थे, लेकिन वे ड्यूटी पर नहीं पहुंचे. इसके अलावा वे लंबे समय से बिना अनुमति अनुपस्थित भी चल रहे थे. विभाग ने इसे अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति लापरवाही माना.
इन कांस्टेबलों पर हुई कार्रवाई
कार्रवाई की जद में लोकेश कश्यप, विजय सिंह, मोहरी लाल और बजरंग लाल शामिल हैं. ये सभी रिक्रूट कांस्टेबल बताए गए हैं. इनके रिक्रूट कांस्टेबल नंबर क्रमशः 10033, 4049, 7997 और 7346 बताए गए हैं.
पुलिस उपायुक्त मुख्यालय अनुष्ठा कालिया ने सेवा से पृथक करने के आदेश जारी किए. पुलिस कमिश्नरेट ने कहा कि निर्वाचन जैसी संवेदनशील ड्यूटी में आदेशों की अवहेलना को गंभीरता से लिया जाएगा और अनुशासनहीनता पर विभागीय कार्रवाई जारी रहेगी.
