जयपुर के कालवाड़ क्षेत्र में गैंगरेप पीड़िता के 58 वर्षीय पिता की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की है. उनका शव 5 जुलाई को घर के पास खुले स्थान में फंदे से लटका मिला था. शुरुआत में पुलिस ने इसे आत्महत्या मानकर मामला दर्ज किया था.
मृतक की पत्नी ने शिकायत में आरोप लगाया कि उनकी बेटी का जून में अपहरण कर चार लोगों ने कथित तौर पर गैंगरेप किया था. पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया था.
परिवार का आरोप है कि केस दर्ज होने के बाद आरोपियों की ओर से लगातार धमकियां दी जा रही थीं और पिता पर मामला वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था. पत्नी ने यह भी आरोप लगाया कि चारों आरोपियों ने साजिश के तहत उनके पति की हत्या की और शव को पंखे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की.
पुलिस अधिकारी दिलीप सिंह के अनुसार, सूचना मिलने पर 5 जुलाई को टीम मौके पर पहुंची थी. साक्ष्य जुटाने और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था. अब हत्या के आरोपों की जांच की जा रही है. आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.
