जयपुर में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है. एक 28 वर्षीय युवक ने युवती और उसके कथित परिजनों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के अनुसार, युवती ने दो दोस्तों को दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर 10 लाख रुपये मांगे. आरोप है कि दोनों दोस्तों से ऑनलाइन एक लाख रुपये ट्रांसफर भी करवाए गए.

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता की करीब छह महीने पहले खातीपुरा रेलवे स्टेशन पर भरतपुर निवासी युवती से मुलाकात हुई थी. इसके बाद दोनों दोस्तों और युवती के बीच व्हाट्सऐप पर बातचीत होने लगी. शिकायत में कहा गया है कि 4 नवंबर को युवती जयपुर आई और एक परिचित के फ्लैट पर रुकी. अगले दिन उसके कथित पिता, मौसी और बहन बनकर तीन लोग युवक के घर पहुंचे और समझौते के नाम पर रकम देने का दबाव बनाया.

युवक का आरोप है कि युवती ने व्हाट्सऐप पर मेडिकल रिपोर्ट भेजकर भी धमकाया. एक लाख रुपये मिलने के बाद कथित तौर पर बाकी नौ लाख रुपये के लिए दबाव बनाया गया. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.