जयपुर. राजस्थान में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों यानी ITI को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप बदलने की तैयारी है. PM-SETU योजना के तहत प्रस्तावित हब-स्पोक क्लस्टर के प्रबंधन के लिए बनने वाले विशेष प्रयोजन वाहन (SPV) में एंकर इंडस्ट्री पार्टनर की 51 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी. केंद्र और राज्य सरकार की हिस्सेदारी 24.5-24.5 प्रतिशत रहेगी.
राजस्थान सरकार के अनुसार, राज्य में कुल 12 हब-स्पोक क्लस्टर विकसित किए जाने हैं. जयपुर के अलावा जोधपुर, कोटा, भरतपुर, बांसवाड़ा, बालोतरा, बीकानेर, भीलवाड़ा, कोटपूतली, सीकर और पाली के लिए भी उद्योग भागीदारों से प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं.
इस मॉडल का उद्देश्य ITI में आधुनिक तकनीक, उन्नत प्रयोगशालाएं, स्मार्ट कक्षाएं और उद्योग-केंद्रित पाठ्यक्रम उपलब्ध कराना है. प्रशिक्षण को व्यावहारिक अनुभव, अप्रेंटिसशिप और रोजगार से जोड़ने पर जोर रहेगा.
क्लस्टर की लागत में लगभग 50 प्रतिशत केंद्र, 33 प्रतिशत राज्य और 17 प्रतिशत उद्योग का योगदान प्रस्तावित है. राजस्थान भिवाड़ी क्लस्टर के लिए शेयरहोल्डर एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर करने वाला पहला राज्य बन चुका है. इस क्लस्टर के लिए 241 करोड़ रुपये की निवेश योजना मंजूर हुई है.
