राजस्थान के जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगमों में मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव स्थगित कर दिए गए हैं. राज्य निर्वाचन आयोग ने यह फैसला कुछ बूथों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में तकनीकी खराबी के कारण नतीजे लंबित रहने के बाद लिया.
आयोग के मुताबिक, तीनों नगर निगमों और कोटा जिले की सुकेत नगरपालिका के कुल 10 बूथों पर 16 सितंबर को पुनर्मतदान कराया जा रहा है. इन वोटों की गिनती 17 सितंबर को होगी. इसके बाद आयोग मेयर, डिप्टी मेयर और संबंधित पदों के चुनाव के लिए संशोधित कार्यक्रम जारी करेगा.
प्रभावित बूथों में जयपुर के पांच, कोटा के तीन, जोधपुर का एक और सुकेत नगरपालिका का एक बूथ शामिल है. आयोग ने इन निकायों के चुनाव इसलिए भी रोके हैं क्योंकि सभी वार्डों के नतीजे घोषित होने के बाद ही निर्वाचित पार्षदों को उम्मीदवार बनने का अवसर मिलेगा.
राजस्थान के बाकी 305 नगरीय निकायों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के चुनाव तय कार्यक्रम के अनुसार 21 और 22 सितंबर को होंगे.
