जयपुर जिले में राजस्थान पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण के तहत मंगलवार, 3 नवंबर को मतदान हो रहा है. चाकसू, कोटखावदा, माधोराजपुरा, फागी और सांगानेर पंचायत समितियों के 77 वार्डों के साथ जिला परिषद के 11 वार्डों के लिए मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं.
मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक चलेगा. इस चरण में कुल 264 उम्मीदवार मैदान में हैं. इनमें जिला परिषद के 11 वार्डों के लिए 32 और पंचायत समिति के 77 वार्डों के लिए 232 प्रत्याशी शामिल हैं.
मतदान के लिए 442 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 3,74,816 मतदाता वोट डालेंगे. मतदाता सूची में 1,93,206 पुरुष, 1,81,609 महिलाएं और एक ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं.
मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम को जयपुर के भवानी निकेतन परिसर स्थित स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा. जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के वोटों की गिनती 20 नवंबर को होगी.
इन पंचायत समितियों के अंतर्गत आने वाली 133 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव के लिए 5 नवंबर को मतदान प्रस्तावित है.
