राजस्थान पंचायत चुनाव के पहले चरण की मतगणना के बीच जयपुर जिले की कई ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के परिणाम घोषित किए गए हैं. झोटवाड़ा क्षेत्र की रामसिंहपुरा ग्राम पंचायत में हंसा देवी ने जीत दर्ज की.

रामसिंहपुरा में हंसा देवी को 1,009 वोट मिले, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी सुमन कुमावत को 892 मत प्राप्त हुए. इस तरह हंसा देवी ने 117 वोटों के अंतर से चुनाव जीता.

मौजमाबाद क्षेत्र की सांवली ग्राम पंचायत में छोटी देवी जाट सरपंच निर्वाचित हुईं. उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को 120 मतों से हराया. इसी क्षेत्र की लोरड़ी ग्राम पंचायत में रामकुंवार ने सरपंच पद पर जीत हासिल की. उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को 122 मतों के अंतर से पराजित किया.

पहले चरण में राजस्थान के 16 जिलों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान कराया गया था. मतदान के बाद अलग-अलग स्थानों पर मतगणना शुरू हुई, जिसके साथ विजेताओं के नाम सामने आ रहे हैं.

इस चरण में 3,314 सरपंच और 28,682 वार्ड पंच पदों के लिए चुनाव हो रहे हैं. जयपुर जिले की 212 ग्राम पंचायतों में मतदान हुआ था और यहां करीब 7.43 लाख मतदाता चुनाव प्रक्रिया से जुड़े थे. प्रदेशभर में 85 लाख से अधिक मतदाता इस चरण का हिस्सा रहे.