जयपुर की पूर्णिमा यूनिवर्सिटी में MBA की छात्रा यशस्वी रोहिल्ला (23) की शनिवार सुबह मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, वह यूनिवर्सिटी की छठी मंजिल से नीचे गिर गई थी. यशस्वी MBA के दूसरे वर्ष में डिजिटल मार्केटिंग की पढ़ाई कर रही थी.

पुलिस के मुताबिक, घटना से कुछ समय पहले यशस्वी दोस्तों से बातचीत कर रही थी. इसके बाद वह कक्षा से बाहर गई. दोस्तों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका.

यशस्वी जयपुर के गुर्जर की थड़ी क्षेत्र के प्रेम नगर की रहने वाली थी. पुलिस के अनुसार, करीब दो महीने पहले कैंपस प्लेसमेंट के जरिए एक निजी कंपनी में उसकी नौकरी लगी थी. पैकेज 7.25 लाख रुपये सालाना बताया गया है.

शिवदासपुरा थाना पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है. पुलिस ने कहा है कि शुरुआती जांच में व्यक्तिगत संबंधों से जुड़ा पहलू सामने आया है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.

एडिशनल डीसीपी (साउथ) ललित किशोर शर्मा के अनुसार, पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. परिजनों की शिकायत पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस संबंधित पहलुओं और आरोपों की जांच कर रही है.